रांची। वीरांगना सम्मान सामाजिक फाउंडेशन की वीरांगनाओं ने बंदर बगीचा स्थित 9to9 बैंक्विट हॉल में वर्ष 2026 का होली महोत्सव अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। रंगों के इस पावन उत्सव में नृत्य, संगीत, खेल एवं कॉमेडी कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उल्लासमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पटना की मशहूर मनोचिकित्सक डॉ. बिदां मैम के सान्निध्य में गणेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात रंगारंग कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई। मंच संचालन मनोरमा जी ने कुशलतापूर्वक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संरक्षक रेनू जी एवं किरण जी द्वारा भजन प्रस्तुति से हुई। ममता जी ने होली गीत प्रस्तुत कर समां बांधा, वहीं निशा जी और मीना जी ने राम भजन से भक्तिमय वातावरण बनाया। अनुराधा जी एवं पूनम जी ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।

होलीका दहन और फागुन से संबंधित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सुनीता जी, सुषमा जी, सीमा जी, बच्ची जी, पूनम जी, सुनीता जी, डॉ. रीना जी तथा पूर्व श्रीमती बिहार श्वेता परमार जी ने अपने मनमोहक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नीलम जी ने अपनी शानदार कॉमेडी से सभी को खूब हंसाया, जबकि निशा जी द्वारा आयोजित मनोरंजक खेलों ने वीरांगनाओं का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर वीरांगनाओं ने यूजीसी से संबंधित मुद्दों पर मीडिया के माध्यम से समाज के समक्ष अपनी बात भी रखी।
अनुपमा जी, रंजना जी, गीता जी सहित सभी वीरांगनाओं के सहयोग से यह होली महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली मिलन की अनंत हार्दिक शुभकामनाएं दीं और रंगों के इस पर्व को सामाजिक एकता एवं महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया।
