रांची। पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में 263वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर श्री राधा रानी जी का दिव्य एवं आकर्षक आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा विधिवत महाप्रसाद का भोग अर्पित किया गया।
महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, तरबूज, जलजीरा शर्बत और सत्तू पानी का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में उपस्थित 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन के पश्चात भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें ट्रस्ट के भजन गायकों ने सुमधुर और मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्री राधा-कृष्ण के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय और भक्तिमय वातावरण में डूब गया। इसके बाद सामूहिक महाआरती संपन्न हुई।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन 400 से अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।

इस पावन अवसर पर डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, अंजनी अग्रवाल, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, अनिल अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश शर्मा, संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
