कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शिकस्त देने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है। शुक्रवार को आयोजित विधायक दल की बैठक में यह फैसला सहमति से लिया गया। भाजपा के विजयी 207 उम्मीदवारों के साथ बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहायक पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित थे। देर शाम सुवेंदू अधिकारी राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा विधायकों की सूची भी राज्यपाल को सौंपा। नई सरकार का शपथ ग्रहण शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। काेलकाता के न्यू टाउन स्थित विश्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक में मुख्यमंत्री माझी ने भाजपा के विजयी विधायक के साथ बैठक की। वहां सर्वसम्मति से संसदीय दल के नेता के साथ-साथ मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी का नाम तय किया गया। शुभेंदु शुक्रवार काे ही लोकभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बंगाल के राजनीतिक गलियारों में पिछले कई दिनों से शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज थी। विधानसभा चुनाव में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में शिकस्त दी थी। वहीं, इस बार के चुनाव में शुभेंदु ने ममता के गढ़ भवानीपुर में उन्हें चुनौती दी और कामयाबी हासिल की। नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर मिली कामयाबी ने मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु की दावेदारी को और मजबूत कर दिया था। अब सभी की नजरें शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां नए मंत्रिमंडल की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
शनिवार 09 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय जनतांत्रिक पार्टी (राजग) के नेतृत्व वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है. अमित शाह के ऑफिस से जारी शेड्यूल के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री शनिवार को सुबह करीब 10:30 बजे अपने होटल से निकलेंगे और सुबह 11:00 बजे तक ब्रिगेड परेड ग्राउंड पहुंचेंगे. इसके बाद, दोपहर करीब 12:30 बजे, वह ब्रिगेड से निकलकर एयरपोर्ट जाएंगे. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है इस समय तक बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह खत्म हो जाएगा.
बंगाल की जनता का विश्वास टूटने नहीं देंगे : अमित शाह
कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बंगाल की जनता का विश्वास टूटने नहीं देगी। शुक्रवार को कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद संवाद माध्यमों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा और नरेंद्र मोदी पर भरोसा करके बंगाल की जनता ने जो प्रचंड जीत दी है, उसके लिए मैं आभारी हूं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आपका विश्वास डिगे नहीं। हम सोनार बंगाल के लक्ष्य को जारी रखेंगे। गृह मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इसके बाद घुसपैठ और गौ तस्करी नहीं हो सकेगी। अमित शाह ने राजनीतिक हिंसा में मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं को याद करते हुए कहा कि 321 भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत के लिए अपनी जान दे दी। मैंने पूरे देश का दौरा किया है। ऐसी हिंसा हमने केरल और बंगाल के अलावा कहीं और नहीं देखी है। अमित शाह ने राजनीतिक हिंसा के शिकार हुए 321 भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों को नमन किया।
