Ranchi: रोटरी क्लब ऑफ रांची द्वारा इनाली फॉउंडेशन पुणे के सहयोग से मंगलवार को रोटरी भवन रांची में निशुल्क इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उदघाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। इस शिविर में 62 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ लगाया गया। इनाली फाउंडेशन पुणे की विशेषज्ञों की टीम ने जांच, माप, परीक्षण और फिटिंग की पूरी प्रक्रिया आधुनिक उपकरणों की सहायता से सम्पन्न की। शिविर में पहुंचे हर दिव्यांग के चेहरे पर एक उम्मीद, जिज्ञासा और भावना झलक रही थी। किसी के लिए यह वर्षों का इंतजार खत्म होने का क्षण था, तो किसी के लिए यह जीवन को दोबारा अपने हाथों से थामने का अवसर। मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए अत्यंत भावुक भरा क्षण है। जब किसी व्यक्ति के शरीर का कोई हिस्सा काम करना बंद कर देता है या किसी कारण से खो जाता है, तो वह केवल शारीरिक कमी नहीं होती है। बल्कि उसके आत्मविश्वास, सपनों और जीवन की गति भी प्रभावित होती है। ऐसे में रोटरी क्लब ऑफ रांची का यह प्रयास केवल चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना की सशक्त झलक है। जिन दिव्यांगों को आज इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ लग रहा है, वे केवल एक उपकरण नहीं प्राप्त कर रहे, बल्कि अपने जीवन की स्वतंत्रता और आत्मसम्मान को फिर से हासिल कर रहे हैं। यह केवल हाथ नहीं, बल्कि आत्मसम्मान की वापसी है।
मंत्री श्री सेठ ने कहा कि हमारे देश के वैसे सैनिक जिनके हाथ कटे हुए हैं, उनके लिए मैं इस प्रोजेक्ट की अनुशंसा करूंगा। साथ ही रोटरी क्लब के माध्यम से रांची संसदीय क्षेत्र में 5000 सिलाई मशीनों का वितरण किया जाएगा।
अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा किसी व्यक्ति को फिर से अपने हाथ से काम करते देखना शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। रोटरी की यह पहल साबित करती है कि जब समाज मिलकर किसी के जीवन में बदलाव लाने का संकल्प लेता है, तो असंभव भी संभव हो जाता है।
