रांची: राजधानी में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सामाजिक संस्था ओथ फाउंडेशन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, रांची के संयुक्त तत्वावधान में सीएम एक्सीलेंस स्कूल (जिला स्कूल परिसर) में एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता सेमिनार और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डेली मार्केट थाना प्रभारी पवन कुमार और रांची के सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, ओथ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका, दीपा बंका और उद्योगपति राजकुमार पोद्दार जी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्कूल की प्राचार्या डॉ. यास्मीन गैलेरिया, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, रंगकर्मी ऋषिकेश लाल तथा दीपक चौधरी उपस्थित रहे। इस दौरान सभी अतिथियों को सम्मानित किया गया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं होने पर लोग अपनों को तो खोते ही हैं, साथ ही अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी भी गंवा बैठते हैं। सभी से आग्रह किया गया कि वे गाड़ी चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट पहनें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट लगाएं, जेब्रा क्रॉसिंग से रोड पार करें और कभी भी तेज गति या लापरवाही से गाड़ी न चलाएं। इसके अलावा सभी को नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई और जोर दिया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने और वैध लाइसेंस होने के बाद ही वाहन चलाएं। साथ ही यह अपील भी की गई कि नशे की हालत में गाड़ी बिल्कुल न चलाएं और सड़क दुर्घटना होने पर रील या वीडियो बनाने के बजाय घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं।
इस कार्यक्रम के तहत बच्चों के लिए एक पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था, जिसमें सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया और अपनी कला के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिसमें कक्षा 12 की तृप्ति कुमारी को प्रथम पुरस्कार, कक्षा 6 की माही प्रिया को दूसरा स्थान और कक्षा 8 की प्रेरणा कुमारी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
