Ranchi: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से रांची नगर निगम द्वारा आज विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत हरमू नदी पुल (लाह कोठी), हरमू बाजार मार्ग, सर्कुलर रोड के आसपास एवं अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
हरमू नदी पुल एवं हरमू बाजार मार्ग में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे निर्माण किए हुए अवैध दुकानों एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया तथा दो ठेलों को भी जब्त किया गया।
वहीं, सर्कुलर रोड के आस-पास एवं वर्धमान कंपाउंड क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बांस-बल्ली से निर्मित अस्थायी संरचनाओं को हटाते हुए तीन ठेलों को भी जब्त किया गया। रांची नगर निगम ने संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी है। निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों, नालियों एवं अन्य सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
