रांची। छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन (सीएए) की ओर से आयोजित सत्र 2025-26 बी डिवीजन नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन शानदार ढंग से हो गया। सत्र 2026-27 के लिए बी डिवीजन से डीएसएस ओरमांझी व साईक्लोन एफसी सामलौंग की टीम क्वलीफाई कर गई। यानी सीएए की ओर से अगले साल आयोजित होने वाली सुपर डिवीजन फुटबॉल लीग में ओरमांझी व सामलौंग की टीम खेलेगी। सत्र 2025-26 के सुपर डिवीजन फुटबॉल से 2 टीम इरबा व बड़ा घाघरा डोरंडा की टीम रेलीगेट होकर बी डिवीजन में चली गई। सुबह में दूसरा सेमीफाइनल मैच ओरमांझी व स्टूडेंट क्लब पाहनटोली के बीच खेला गया। इस मुकाबले में ओरमांझी ने स्टूडेंट क्लब की टीम को 4-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। हटिया के लटमा ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले में सामलौंग की टीम ने ओरमांझी की टीम पर जीत दर्ज की। यानी बी डिवीजन का चैंपियन सामलौंग की टीम बनी। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य जुनैद अनवर व झारखंड कांग्रेस कमेटी के महासचिव विनय सिन्हा दीपू ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस माैके पर सीएए के महासचिव आसिफ नईम, सदस्य आरके सेनापति, अस्तानिस बिहान, टारजन सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।
