रांची : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सैंटेविता हॉस्पिटल, रांची द्वारा हेल्थ पॉइंट ब्लड बैंक के सहयोग से एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सैंटेविता हॉस्पिटल की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर का शुभारंभ जूनियर डायरेक्टर श्री आदित साहू द्वारा रक्तदान कर किया गया। उनके रक्तदान के पश्चात बड़ी संख्या में चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और कुल 95 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अस्पताल द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सैंटेविता हॉस्पिटल वर्ष 2012 से नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन करता आ रहा है। अस्पताल का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिक्षित करना है।
अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद को नया जीवन देता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सैंटेविता हॉस्पिटल की इस सामाजिक पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सहभागिता का संकल्प लिया।
