बुढ़मू। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर बुढ़मू प्रखंड सभागार में मंगलवार को मनरेगा से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय प्रमुख सत्यनारायण मुंडा ने की। कार्यक्रम में उप प्रमुख हरदेव साहू, प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरज कुमार, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी रेखा भगत, सहायक अभियंता दीपक कुमार, कनीय अभियंता अमित कुमार एवं मो. शाबाज उपस्थित रहे।इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मनरेगा कर्मियों, महिला मेठों और सौ दिन का रोजगार पूरा करने वाले परिवारों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों ने मनरेगा के प्रति अपनी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की शपथ ली।कार्यक्रम में प्रखंड के सभी कर्मी, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, मेठ, लाभुक, मजदूर और बागवानी सखियाँ भी शामिल हुईं। सुबह प्रखंड के सभी पंचायतों में प्रभात फेरी निकाली गई तथा ग्राम सभा एवं रोजगार दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जॉब कार्ड नवीनीकरण, नये जॉब कार्ड का वितरण और कार्य आवंटन जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपन्न किए गए।विभिन्न पंचायतों में मुखिया द्वारा भी मेहनती मजदूरों और मेठों को सम्मानित किया गया। समापन पर राष्ट्र निर्माण में सहयोग की शपथ के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया गया।
