Ranchi: रांची पुलिस द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिले के सभी थाना एवं ओपी में साप्ताहिक जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी स्वयं कई थानों में पहुंचे और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत हुई।
बुधवार को जिले का पूरा पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते रहे।
रांची पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
