कांके प्रखंड (28 मार्च 2026, शनिवार): चंदवे पंचायत में आज जल जागरूकता, जल के महत्व को समझाने तथा तालाब स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पिरामल फाउंडेशन की टीम – काकोली भंडारी, पूजा सिंह एवं सचिन करांडे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अभियान में ग्राम पंचायत के मुखिया गुरूचरण मुंडा, गांव की जलसहिया मुन्नी देवी, आजीविका पशु सखी अंजनी देवी, वार्ड सदस्य सायदा खातून, स्वास्थ्य सखी लालो देवी एवं सलेमून खातून, डुबालिया गांव की जलसहिया सरिता देवी तथा ओयना गांव की जलसहिया सावित्री देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंतर्गत तालाब स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें गांव के बच्चों, स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर तालाब की सफाई की। सफाई के दौरान तालाब से प्लास्टिक, कपड़े एवं अन्य कचरा निकाला गया।
इस दौरान ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि वे प्लास्टिक या किसी भी प्रकार का कचरा जल स्रोतों में न डालें, तथा तालाब को अपना समझकर उसकी साफ-सफाई बनाए रखें।
इस अभियान में 80 से अधिक लोगों की भागीदारी रही, जिसमें बच्चों और गांव के सक्रिय सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता को बढ़ावा देना एवं समुदाय को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
