रांची। रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही, जिससे पूरा विद्यालय परिसर खेल भावना और उमंग से सराबोर नजर आया।
खेल महोत्सव के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कई प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, खेल महोत्सव का समापन समारोह 28 दिसंबर को दोपहर 2 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. आदित्य प्रसाद ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसके निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सेवा भाव से किया गया कार्य लंबे समय तक स्मरणीय रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा खिलाड़ियों को 25 हजार से 50 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की पहल की सराहना भी की।
