रांची। राजकीय शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, कांके, रांची के प्रशिक्षु शिक्षकों ने शैक्षणिक उद्देश्य से झारखंड लोक भवन परिसर स्थित लोक भवन उद्यान का भ्रमण किया। इस भ्रमण में सत्र 2025–27 एवं 2024–26 के बड़ी संख्या में प्रशिक्षु शिक्षक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रशिक्षु शिक्षक दीपक कुमार, अंकित पांडेय, रजनीश सिंह, कुणाल, जावेद, बिट्टू, अमन, आकृति, तनवीर चौधरी, प्रवीण कुमार, सूरज, अनमोल, देव, जावेद सहित अन्य प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की।
*राजकीय शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, कांके, रांची के छात्र संसद के प्रधानमंत्री प्रशिक्षु शिक्षक प्रविंद कुमार ने लोक भवन उद्यान भ्रमण के अवसर पर कहा कि *इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से प्रशिक्षु शिक्षकों को कक्षा-कक्ष से बाहर वास्तविक जीवन और प्रकृति से जुड़कर सीखने का अवसर मिलता है। यह अनुभव भविष्य में हमें संवेदनशील, जागरूक और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शिक्षक बनने की प्रेरणा देता है।
महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. ओम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक भवन उद्यान का भ्रमण प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। उन्होंने कहा कि इस उद्यान में हजारों प्रकार के पुष्पों की प्रजातियाँ उपलब्ध हैं। साथ ही फूल झाड़ उद्यान, अशोक उद्यान सहित झारखंड लोक भवन परिसर में विकसित अन्य उद्यानों की भी जानकारी प्रशिक्षुओं को दी गई। इस प्रकार के भ्रमण से पर्यावरणीय चेतना एवं सौंदर्यबोध का विकास होता है।
इस अवसर पर डॉ. जॉली, डॉ. वासुदेव प्रसाद सहित मारवाड़ी कॉलेज, रांची के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम और अधिक शैक्षणिक एवं समन्वयात्मक बन सका। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के शिक्षक भगिरथ आर्य ने अपने वक्तव्य में कहा, ऐसे शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षु शिक्षकों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से सीखना शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और स्थायी बनाता है। इस अवसर पर प्रभारी डॉ रमण झा सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
