Ranchi: आगामी रामनवमी पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान उपलब्ध कराए जाने वाले अन्य व्यवस्था की तैयारी को लेकर भी लगातार जिले के उच्च अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी कड़ी में आज उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची, श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आगामी पर्व त्योहार को लेकर विधि-व्यवस्था संबंधित शहरी क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक, नगर श्री पारस राणा , अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, श्री कुमार रजत , पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था रांची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार एवं बिजली, सड़क, नगर निगम के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी, तपोवन मंदिर के महंत, डोरंडा महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष, श्री आलोक दुबे, डोरंडा महावीर मंडल के सदस्य, सर्वधर्म सद्भावना समिति के सदस्य, श्री जय सिंह यादव, श्री सागर कुमार, सेंट्रल मुहर्रम कमिटी के सदस्य मो. अशरफ, मो. मुनीर, पप्पू गद्दी, नसीम गद्दी, उपस्थित थे। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आगामी पर्व रामनवमी को लेकर रांची शहर के विभिन्न जुलुस मार्ग का जायजा लेते हुए तमाम तैयारियों के मद्देनजर, शिव मंडप पूजा समिति गाड़ी होटवार, महावीर चौक अपर बाजार, मेडिकल चौक मंदिर रांची, तपोवन मंदिर एवं अन्य जगहों का जायजा लेते हुए सम्बंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उपायुक्त ने बाँधगाड़ी, रातू रोड (पंडरा क्षेत्र), मेडिकल चौक मंदिर रांची, महावीर चौक, हनुमान मंदिर (चैती दुर्गा) भूतहा तालाब, मेन रोड बजरंगबली मंदिर, (डोरंडा)
तपोवन मंदिर, डोरंडा मंदिर तथा सभी अखाड़ेधारियों (महावीरी अखाड़ों) के रूट और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए की जा रही तैयारियों के संबंध में मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत की। मंदिर में बिजली व्यवस्था, पेयजल, सीसीटीवी, श्रद्धालुओं के आने जाने की व्यवस्था आदि को लेकर उन्होंने जानकारी लेते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग समिति को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था संधारण के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पूरे जिले में की गई है।
