अल मोमिन सोशल एंड एडुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी एवं अमानत अली इंटर कॉलेज के सचिव, आबिद अली ने झारखंड अधिविध परिषद (जैक) से अमानत अली इंटर कॉलेज, एदलहातू, बुंडू, राँची की नवगठित प्रबंध समिति को परिषद के अभिलेख में दर्ज करने तथा कॉलेज के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।
आबिद अली ने बताया कि अमानत अली इंटर कॉलेज एक अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था है, जिसे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था आयोग (एनसीएमईआई ) द्वारा अल्पसंख्यक दर्जा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। संविधान के अनुच्छेद 30(1) के तहत अल्पसंख्यक समुदायों को अपनी पसंद की शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना एवं प्रशासन का अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि सोसाइटी के नियमों एवं उपविधियों के अनुरूप 17 अगस्त 2026 को कॉलेज की नई प्रबंध समिति का गठन किया गया है। पूर्ववर्ती प्रबंध समिति का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नई समिति द्वारा कॉलेज के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है।
झारखंड अधिविध परिषद के सचिव के साथ हुई वार्ता में भी कॉलेज की प्रबंध समिति तथा उससे संबंधित अभिलेखीय एवं प्रशासनिक विषयों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन की ओर से संस्था की अल्पसंख्यक स्थिति, प्रबंध समिति के गठन तथा परिषद के अभिलेख में आवश्यक प्रविष्टि किए जाने से संबंधित पक्ष रखा गया। कॉलेज प्रबंधन को उम्मीद है कि इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
आबिद अली ने कहा कि कॉलेज की वर्तमान प्रबंध समिति को परिषद के अभिलेख में दर्ज किया जाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों के हित में कॉलेज के शैक्षणिक, परीक्षा एवं प्रशासनिक कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज प्रबंधन का उद्देश्य किसी विभाग या संस्था के साथ विवाद उत्पन्न करना नहीं है, बल्कि संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप कॉलेज का सुचारु संचालन तथा विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है।
अमानत अली इंटर कॉलेज प्रबंधन ने झारखंड अधिविध परिषद एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से इस मामले में आवश्यक सहयोग एवं सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा की है।
