Ranchi: डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल,राँची में विद्यालय की दो वरिष्ठ एवं समर्पित शिक्षिकाओं—श्रीमती शीला रमेश एवं श्रीमती कल्पना मिश्रा—के सेवा-निवृत्त होने के अवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड ज़ोन–G, बिपिन राय ने दोनों शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने उद्बोधन में श्री राय ने कहा कि “एक शिक्षक कभी सेवा-निवृत्त नहीं होता, वह जीवन भर अपने ज्ञान, संस्कार और अनुभव के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करता रहता है।” उन्होंने यह भी कहा कि डीएवी परिवार उनके सेवा-काल को सदैव आदर और कृतज्ञता के साथ स्मरण करेगा। श्री राय ने दोनों शिक्षिकाओं से आग्रह किया कि वे भविष्य में भी विद्यालय से एक संसाधिका के रूप में जुड़ी रहें तथा आश्वस्त किया कि डीएवी परिवार को जब भी उनकी आवश्यकता होगी, वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक यतीश चन्द ‘यति’ ने दोनों शिक्षिकाओं के सम्मान में एक भावपूर्ण स्वरचित कविता का पाठ कर वातावरण को भावनात्मक बना दिया। माध्यमिक शाखा की प्रभारी अंजता कुमारी एवं प्राथमिक शाखा की प्रभारी अनुपमा रानी ने अपने संबोधन में दोनों शिक्षिकाओं के अनुकरणीय सेवा-भाव, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के प्रति उनके स्नेह की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में बी. कार्तिक,जितेंद्र कुमार, सुनील सिंह,डी. के. पाण्डेय,वी. के. पाण्डेय,ज्योति श्रीवास्तव,रिमझिम रानी सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन शिक्षिका सुलोचना शर्मा ने किया।
