रांची: बाबू लेन स्थित बेथेसदा बालिका मध्य विद्यालय में झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग के द्वारा निर्देशित आदेश के आलोक में वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद 15 गजाला परवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गुलाम सरवर रिजवी भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुए। मुख्य अतिथि गजाला परवीन ने अपने संबोधन में मिशनरी शिक्षण संस्थानों की सराहना करते हुए कहा कि ये संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाने के साथ-साथ अनुशासन और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छोटानागपुरी नृत्य और सामूहिक गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सामिला खलखो द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वार्षिक उत्सव बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच है। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रधानाध्यापिका सामिला खलखो सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन और हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालय और समाज के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षिका सोनी गुंजन तिर्की, मारथा ललिलियन, रिंकू लकड़ा, विनीता बारला, सिंदू लकड़ा, नोवा कुजूर सहित कई अभिभावक, माताएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
