Chakla: चकला पंचायत भवन, ओरमांझी में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान (1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025) के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की चकला शाखा के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों की शाखाओं के कई अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक श्री प्रेम रंजन प्रसाद सिंह की प्रेरणादाई उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों में बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक श्री संजीव कुमार सिंह, चकला पंचायत के मुखिया श्री शिवनाथ मुंडा तथा अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अजीत कुमार सम्मिलित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक रांची क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय रांची के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मुकेश कुमार वर्मा, सहायक महाप्रबंधक के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत से हुई। स्वागत भाषण क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मुकेश कुमार वर्मा ने दिया तथा अभियान की प्रगति और बैंक द्वारा अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि श्री प्रेम रंजन प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में बैंक खातों में सही केवाईसी (KYC) अपडेट कराने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही केवाईसी के बिना ग्राहकों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) सहित कई योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पाता, जो उनकी स्वयं की भलाई में बाधक है। उन्होंने पड़ोसी राज्यों के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वहां केवाईसी अपडेट का प्रतिशत हमसे काफी अधिक है, अतः हमें और सक्रिय होकर इस अभियान को सफल बनाना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि केवाईसी फॉर्म स्थानीय जनप्रतिनिधियों जैसे मुखिया आदि को भी उपलब्ध कराए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में चकला शाखा प्रबंधक श्री गणेश लाल एवं चूटू पालू श्री मिथिलेश कुमार की उपस्थिति रही। अंत में चकला पंचायत के मुखिया श्री शिव मुंडा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय कार्यालय, रांची के डेस्क अधिकारी -एफ.आई. श्री अचिंता चाकी द्वारा किया गया।
