रांची। राजधानी के मेन रोड स्थित राज हॉस्पिटल में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मरीज के परिजनों ने इलाज में लापरवाही और भारी-भरकम बिल वसूले जाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
परिजनों के अनुसार, 18 वर्षीय राजू कुमार को पैर में चोट लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि डॉक्टरों ने शुरुआत में मरीज की स्थिति सामान्य बताते हुए ऑपरेशन की सलाह दी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों का कहना है कि संक्रमण बढ़ने के कारण मरीज की हालत गंभीर हो गई और उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर करीब 16 लाख रुपये का बिल बना दिया। उनका यह भी कहना है कि जब मरीज की स्थिति अधिक गंभीर हुई तो अस्पताल ने उसे रिम्स रेफर करने की बात कही, जिससे नाराज परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी ली जा रही है।
