रांची: विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब रांची और रोट्रेक्ट क्लब के सदस्यों की ओर से गुरुवार 24 अक्टूबर को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सुबह 6.30 बजे अलबर्ट एक्का चौक से लेकर जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स तक पोलियो जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के समापन पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को पोलियोरोधी दवा के महत्व से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद क्लब की टीमें शहर के स्लम इलाकों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। इस अभियान में 100 से अधिक सदस्य शामिल होंगे। यह जानकारी डीजीएन मुकेश तनेजा और रोटरी क्लब ऑफ रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। श्री अग्रवाल ने कहा कि रोटरी के सार्थक प्रयासों से देश से पोलियो का खात्मा हुआ है, लेकिन इसे जड़ से मिटाने के लिए हमारा प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब, डब्ल्यूएचओ और भारत सरकार के संयुक्त प्रयास से हर वर्ष 24 अक्तूबर को वर्ल्ड पोलियो डे मनाया जाता है। पल्स पोलियो ड्रॉप्स आज भी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और ग्राम क्लीनिकों में निशुल्क उपलब्ध हैं।
भारत में लगभग हर 100 में से 99 बच्चों को पोलियोरोधी टीका या ड्रॉप्स दी जा चुकी है। यही वजह है कि पिछले एक दशक से देश पोलियो मुक्त है। हालांकि पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है, इसलिए सजगता और सतर्कता अभी भी जरूरी है। पोलियो नेशनल कमिटी की एक्जिक्यूटिव मेंबर डॉ. प्रगति सिंह, पूर्व गवर्नर जोगेश गंभीर और डिस्ट्रिक्ट 3250 की गवर्नर नम्रता ने कहा कि जब तक पूरी दुनिया पोलियो मुक्त नहीं हो जाती, तब तक हम यह दावा नहीं कर सकते कि भविष्य में भारत में पोलियो नहीं आएगा। इसलिए प्रत्येक नागरिक को हर बार पोलियो ड्रॉप्स अभियान में अपनी भूमिका निभानी होगी। रोटरी इमेज चेयरमैन प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही पोलियो मुक्त भारत की कुंजी है। असिस्टेंट गवर्नर हरमिंदर सिंह ने बताया कि झारखंड और बिहार के सभी ब्लॉकों में जागरूकता अभियान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। वहीं रीजनल डायरेक्टर दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि शहरों और शिक्षित वर्ग के बीच हमें अधिक जागरूकता फैलाने की जरूरत है, क्योंकि कई लोग यह सोचते हैं कि एक बार दवा पिलाना ही पर्याप्त है।
