रांची। सदर अस्पताल रांची स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में शुक्रवार को एनीमिया मुक्त भारत (एएमबी) कार्यक्रम और आधार इनेबल्ड बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम (एईबीएएस) पोर्टल के संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने की। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति, पोर्टल अपडेट की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सिविल सर्जन ने एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यक्रम को और प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनीमिया नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ा एक गंभीर सामाजिक विषय है, जिस पर सभी संबंधित विभागों और स्वास्थ्य कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
डॉ. प्रभात कुमार ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और संबंधित विवरण एईबीएएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट किए जाएं। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर सही और समयबद्ध जानकारी अपलोड होने से वेतन भुगतान, प्रशासनिक कार्यों और विभागीय निगरानी में पारदर्शिता बनी रहती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एनीमिया नियंत्रण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सिविल सर्जन ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया की समस्या को कम करने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी जागरूकता अभियान और आयरन सप्लीमेंट वितरण कार्यक्रम को गंभीरता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
