पूर्वी सिंहभूम। बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत भवन में हुई चोरी और आगजनी की घटना की सत्यता जांच की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश को 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में कहा गया है कि शनिवार को गबन के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से पंचायत भवन में रखे आवश्यक दस्तावेजों को जलाने की घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की गई है। इस संबंध में घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
इसके अलावे मांग पत्र में पंचायत भवन के सुंदरीकरण के लिए सरकार की ओर से दी जाने वाली 15,000 रुपये की राशि का समुचित उपयोग, पंचायत भवन का मुख्य गेट निर्माण, सीसीटीवी कैमरा लगाना, चौकीदार/गार्ड की बहाली, जर्जर पंचायत भवन की मरम्मत, पंचायत भवन को प्रतिदिन सुबह-शाम नियमित रूप से खोलना, भवन परिसर और आसपास प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।
बीडिओ सुमित प्रकाश ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पंचायत प्रतिनिधियों ने इस घटना को लेकर बागबेड़ा थाना प्रभारी को भी लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया गया कि बीडिओ सुमित प्रकाश स्वयं भी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, प्रतिनिधि अरविंद पण्डेय उपस्थित थे।
