Ranchi: तीन दिवसीय रोटरी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस “समागम” संपन्न। रक्षा मंत्री संजय सेठ रोटरी को देंगे छह करोड़ की चार मेडिकल वैन। अगले माह महिलाओं को बांटी जाएगी तीन करोड़ की सिलाई मशीन रोटरी क्लब रांची के तत्वावधान में रांची क्लब परिसर में चल रहे तीन दिवसीय रोटरी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस “समागम” का समापन रविवार को हुआ।
अंतिम दिन कार्यक्रम की शुरुआत प्रेसिडेंट इलेक्ट ललित त्रिपाठी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में दूसरे दिन के सत्र की समीक्षा करते हुए रोटरी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रगति और भावी योजनाओं पर चर्चा की। कहा कि रोटरी समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अंतिम दिन कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची को भारत का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। इसी अभियान के तहत फैटी लिवर की जांच और जागरूकता के लिए छह करोड़ रुपये की लागत से चार अत्याधुनिक मोबाइल वैन रोटरी को शीघ्र देंगे। ये वैन रांची शहर के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करेगी। उन्होंने कहा कि बीमारी से लड़ने का सबसे प्रभावी तरीका है उसकी समय पर पहचान। यह अभियान केवल इलाज का नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का अभियान है, जिसमें रोटरी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
संजय सेठ ने रोटरी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में रोटरी का सफरनामा प्रेरणादायी और अनुकरणीय रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में रोटरी ने जो कार्य किए हैं, वे समाज के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल सेवा नहीं करती, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखती है।
