रांची। विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ रांची में स्वदेशी मैराथन आज संपन्न हुआ। भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद श्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में संपन्न हुए इस मैराथन में 25000 लोगों ने दौड़ लगाई। 5.5 किलोमीटर का यह मैराथन रांची का ऐतिहासिक मैराथन बन गया। झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष गंगवार ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, रिटायर्ड कर्नल और भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक श्री वी०एन० थापर, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव श्री मधुकांत पाठक सहित गई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
मैराथन से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने स्वदेशी का संकल्प पत्र भरा। इसके साथ ही स्वदेशी को अपनाने और उसे बढ़ावा देने की शपथ ली। रक्षा राज्य मंत्री ने सभी प्रतिभागियों को मोराबादी मैदान में ही स्वदेशी का संकल्प दिलाया और विकसित भारत के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया। मोराबादी मैदान से रवाना हुई मैराथन का दर्जनों स्थानों पर पुष्प वर्षा कर सामाजिक संगठनों के द्वारा अभिनंदन किया गया। सांसद खेल महोत्सव के तहत आयोजित हुए इस मैराथन में 33 स्कूल, 10 कॉलेज, 4 विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, 7 निजी संस्थानों के प्रतियोगी छात्र, 22 सामाजिक संगठन, 11 धार्मिक संगठन, 9 स्वयंसेवी संस्था, भाजपा कार्यकर्ता, भूतपूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स, भारतीय खेल प्राधिकरण, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन, विभिन्न खेलो के राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय खिलाड़ी, एनएसएस कार्यकर्ता, एथलेटिक्स एसोसिएशन सहित कई संगठनों के लोग शामिल हुए। स्वदेशी मैराथन में सरायकेला खरसावां और सिल्ली से आए कलाकारों ने छऊ नृत्य और पाईका नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति दी।
इस दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी दिया गया। यहां स्वास्थ्य जांच शिविर में हजारों लोगों ने स्वास्थ्य जांच भी करवाया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री संतोष गंगवार ने कहा कि स्वदेशी के संकल्प के साथ आयोजित हुआ यह मैराथन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि प्रदान करने वाला है। इस मैराथन में युवाओं का उत्साह बता रहा है कि रांचीवासी भी प्रधानमंत्री जी के स्वदेशी संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हर कदम पर तैयार है।
