Ranchi: भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले ने मंगलवार को झारखंड सरकार के अधिकारियों के साथ रांची के राजकीय अतिथि शाला में बैठक की। बैठक के बाद प्रेस वार्ता कर उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के निर्णय की वजह से हो सका था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर “सबका साथ, सबका विकास” के नारे को साकार कर रही है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है और उन्होंने सभी वर्गों को न्याय दिलाने का कार्य किया।
श्री अठावले ने कहा कि वर्तमान में केंद्र सरकार देश का विकास बहुत तेज गति से कर रही है और हर निर्णय सोच-समझकर लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने अपने समय में नदियों को जोड़ने की योजना बनाई थी ताकि जल संसाधनों का सही उपयोग हो सके। पहले की सरकारों ने इस लाभप्रद योजना पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार नदियों को जोड़ने की योजना पर गंभीरता से कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड के मैथन डैम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सड़क से लेकर एयरपोर्ट तक बड़े पैमाने पर विकास हुआ है। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। वर्ष 2014 में शुरू हुए प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत उन लोगों के बैंक खाते खुले, जिन्होंने कभी बैंक का दरवाजा तक नहीं देखा था। पूरे देश में 57 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि झारखंड में 2 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुले हैं।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 56 करोड़ से अधिक लोगों को लोन मिला है। श्री अठावले ने बताया कि भारत सरकार ने मुद्रा योजना के तहत 20 लाख रुपये तक का ऋण देने की घोषणा भी की है। झारखंड में 1.65 करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिला है।
