रांची। प्रदेश कांग्रेस भवन, रांची में आज संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। संवाददाता सम्मेलन को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी श्री के. राजू, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता श्री प्रदीप यादव, मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एवं मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। इस अवसर पर श्री राकेश सिन्हा, श्री सतीश पॉल मुंजनी, श्री लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डॉ. एम. तौसीफ उपस्थित थे।
प्रदेश प्रभारी श्री के. राजू ने राज्य से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि छात्रों के आंदोलन के बारे में सभी को जानकारी है। पूरे देश में राहुल गांधी जी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर में छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार की आवश्यकता पर चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का स्पष्ट संदेश है कि शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हो और ऐसी प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने नीट परीक्षार्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए छात्रों की जायज मांगों को लेकर सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठाई। संसद में छात्रों पर हुए कथित बर्बर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पैलेट गन के इस्तेमाल के विरुद्ध भी उन्होंने मजबूती से आवाज उठाई तथा छात्रों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया।
श्री राजू ने कहा कि इसी क्रम में उन्होंने झारखंड के छात्रों के आंदोलन को भी अपना समर्थन दिया है। सरकार को छात्रों की जायज मांगों का जल्द से जल्द समाधान करना चाहिए। छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की समस्याओं के समाधान का मुद्दा रखा। मुख्यमंत्री ने हमारी बातों को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय मंत्रिमंडलीय समिति का गठन किया, जिसमें कांग्रेस की ओर से मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह भी शामिल हैं। समिति ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दौर की वार्ता की है, जिसमें छात्रों की लगभग 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बनी है। आज एक बार फिर समिति छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करेगी। मुझे पूरा विश्वास है कि बहुत जल्द छात्रों की सभी जायज मांगों का समाधान किया जाएगा।
SIR को लेकर कांग्रेस गंभीर, मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी प्रतिबद्ध : के. राजू
श्री राजू ने कहा कि SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को कांग्रेस पार्टी ने शुरू से ही गंभीरता से लिया है। पार्टी ने लगभग 25 हजार बीएलए (Booth Level Agents) की नियुक्ति कर उन्हें प्रशिक्षण दिया है। हमारा स्पष्ट प्रयास है कि किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित न किया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण बुनियाद है। कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। कांग्रेस चाहती है कि SIR की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो।
श्री राजू ने कहा कि इन्यूमरेशन फेज के 30 दिन पूरे होने के बाद मैंने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) से मुलाकात कर इसकी अवधि 15 दिन बढ़ाने का अनुरोध किया था। जल्दबाजी में कई मतदाता अपने फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, इसलिए उन्हें पर्याप्त अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए। इस संबंध में मैंने, प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश और कांग्रेस विधायक दल के नेता श्री प्रदीप यादव ने भी संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर अवधि बढ़ाने की मांग की है।
खान एवं खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड के हित प्रभावित होंगे : के. राजू
श्री राजू ने कहा कि खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 को केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किया गया है। इस प्रकार के महत्वपूर्ण विधेयक को पारित करने से पहले राज्य सरकारों से व्यापक विचार-विमर्श किया जाना चाहिए, विशेषकर ऐसे राज्यों से, जिनकी अर्थव्यवस्था खनिज संसाधनों एवं सेस से प्राप्त राजस्व पर काफी हद तक निर्भर है।
उन्होंने कहा कि इस विधेयक के कारण झारखंड को प्रतिवर्ष लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका है। भाजपा की केंद्र सरकार जानबूझकर ऐसे निर्णय ले रही है, जिससे झारखंड सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। विशेष रूप से ‘मंईयां सम्मान योजना’ के माध्यम से राज्य की माताओं और बहनों को मिल रहे लाभ को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
केंद्र के सौतेले व्यवहार के खिलाफ रणनीति तय होगी : केशव महतो कमलेश
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश ने कहा कि कल पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (PAC) की बैठक आहूत की गई है। बैठक में प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में समसामयिक राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार लगातार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार पर राज्य का लगभग 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये बकाया है, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया है। केंद्र सरकार झारखंड की जनकल्याणकारी योजनाओं को बाधित करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी राज्य के अधिकार और हितों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।
खान एवं खनिज संशोधन विधेयक संघीय ढांचे पर प्रहार : प्रदीप यादव
कांग्रेस विधायक दल के नेता श्री प्रदीप यादव ने कहा कि खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 निश्चित रूप से संघीय ढांचे पर प्रहार है। राज्यों से पर्याप्त विचार-विमर्श और सहमति के बिना इस प्रकार का कानून लाना संघीय व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे राज्य, जिनकी अर्थव्यवस्था खनिज संसाधनों से प्राप्त राजस्व पर काफी हद तक निर्भर है, उनके बजट पर इसका सीधा प्रभाव पड़ेगा। कांग्रेस पार्टी ने तय किया है कि राज्य की हिस्सेदारी और झारखंड के वाजिब हक के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 18 अगस्त को ठोस निर्णय लिया जाएगा कि पार्टी जिला एवं राज्य स्तर पर किस स्वरूप में व्यापक आंदोलन करेगी, ताकि भारत सरकार को इस विधेयक पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर किया जा सके।
छात्रों की मांगों पर आज फिर होगी वार्ता : दीपिका पांडेय सिंह
मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आंदोलनरत छात्रों से मंत्रियों की गठित समिति पहले भी मुलाकात कर चुकी है। वार्ता के दौरान लगभग 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बन गई थी, जबकि एक-दो मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाई थी। आज एक बार फिर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता होगी। मुझे उम्मीद है कि आज की वार्ता छात्रों के हित में सार्थक और सकारात्मक होगी।
केंद्र का विधेयक आदिवासी-मूलवासी हितों के विरुद्ध : डॉ. इरफान अंसारी
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 झारखंड के आदिवासी-मूलवासी हितों के विरुद्ध है। राज्य सरकार द्वारा आदिवासी-मूलवासी समाज के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार इस विधेयक पर पुनर्विचार नहीं करती, तब तक कांग्रेस पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।
छात्रों की जायज मांगों के साथ कांग्रेस : शिल्पी नेहा तिर्की
मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट है। कांग्रेस छात्रों की सभी जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। हमारे नेता राहुल गांधी जी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि छात्रों की जायज मांगों को स्वीकार किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसी दिशा में आज मंत्रियों की गठित समिति एक बार फिर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करने जा रही है। हमें उम्मीद है कि वार्ता के माध्यम से छात्रों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकलेगा।
