नई दिल्ली/रांची। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर देशभर में 8 से 15 अगस्त 2026 तक स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा NCC के समन्वय से देशभक्ति से ओत-प्रोत बैंड प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है।
इन बैंड प्रस्तुतियों का उद्देश्य देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों को सम्मान देना, नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को देश के प्रति समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से जोड़ना है।
इसी क्रम में झारखंड की राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर 9 अगस्त 2026 को भव्य बैंड प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा विशेष बैंड प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। इस विशेष आयोजन में रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम तथा अपने वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे ये कार्यक्रम ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना, वीरता, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। बैंड प्रस्तुतियों के माध्यम से सशस्त्र बलों की गौरवशाली परंपरा और राष्ट्रसेवा के भाव को आम नागरिकों के साथ साझा किया जाएगा।
