रांची : मेकॉन चौक पर नई गैन्ट्री का निर्माण किया गया है, लेकिन पुरानी गैन्ट्री अब तक नहीं हटाई गई है। दोनों गैन्ट्री मात्र 5 मीटर की दूरी पर स्थित हैं, जिसके कारण नई गैन्ट्री का दृश्य पुराने गैन्ट्री से बाधित हो रहा है। इसका असर यात्रियों पर पड़ रहा है, जिन्हें दिशा-निर्देश पढ़ने और समझने में दिक्कत आ रही है।
पुरानी गैन्ट्री की हालत बेहद खराब हो चुकी है। पूरे ढांचे में जंग लग गया है और पोल व नट-बोल्ट भी कमजोर हो चुके हैं। यह किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।
नई गैन्ट्री एल एंड टी द्वारा लगाई गई है, जिसमें नई दिशा और दूरी की सही जानकारी दी गई है। वहीं पुरानी गैन्ट्री में पुराने व गलत दिशा-निर्देश प्रदर्शित हो रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, हाईकोर्ट बाईं दिशा में दिखाया गया है जबकि वर्तमान में हाईकोर्ट धुर्वा में स्थानांतरित हो चुका है। ऐसी गलत सूचनाएं यात्रियों को भ्रमित कर रही हैं।
पुरानी गैन्ट्री को हटाने का काम भी एल एंड टी को दिया गया है, लेकिन अभी तक इसे हटाया नहीं गया है।
