अभिषेक
वसूली के खेल में कई रसूखदारों के नाम
कोयला, आयरन ओर, बालू, बॉक्साइट से मैनेज रंगदारी
कोयलांचल में इन दिनों कबीर सिंह का खौफ बढ़ता जा रहा है. आखिर कौन है यह कबीर सिंह..? कोई अपराधी है, राजनेता है या पुलिस वाला है..? इसका जवाब किसी के पास नहीं लेकिन इस कबीर के दावे इतने बड़े बड़े हैं कि बिना इसको मैनेज किए कोयलांचल के किसी जिले में कोई काम नहीं कर सकता. हजारीबाग, चतरा, धनबाद समेत कई जिलों के कोयला कारोबारियों से इस कबीर सिंह का संपर्क चल रहा है और उन्हें अवैध तरीके से कोयले का खेल खेलने के लिए प्वाइंट दिलाने के नाम पर कबीर करोड़ों की रंगदारी मांग रहा है. लेकिन यह कबीर सिंह कौन है और किसके इशारे पर रंगदारी कर रहा है यह रहस्य गहराता जा रहा है.
कोई कहता है पुलिस का जवान कोई कहता है फर्जी नाम
जानकारों की मानें तो कबीर सिंह छद्म नाम का सहारा लिया जा रहा है ताकि जांच एजेंसियों की रडार पर आने से बच जाएं. लोगों का मानना है कि एक बड़े रसूखदार व्यक्ति की सेवा में लगा पुलिस का जवान ही इन दिनों कबीर के नाम का दुरुपयोग कर रहा है. अब जांच एजेंसियों को खंगालना होगा कि आखिर यह कबीर कौन है? इतना ही नहीं आयरन ओर में सन्नी, अजय समेत कई फर्जी नाम हैं जिनके सिर्फ मोबाइल नम्बर से वसूली का खेल चल रहा है.
प्रिंस खान के वीडियो के बाद सफेदपोश रंगदारी नेटवर्क की चर्चा तेज
हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने प्रिंस खान के एक वीडियो पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कार्रवाई की मांग की है. इस वीडियो में प्रिंस खान ने धनबाद एसएसपी पर वसूली के आरोप लगाए हैं. इस मामले ने झारखंड की राजनीति गर्म कर दी है. अब यह कबीर, सन्नी, अजय जैसे लोगों के कारण एक बार फिर सरकार और अधिकारियों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं. एक तरफ राज्य के सीएम हेमंत सोरेन राज्य की विधि व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, मैराथन बैठक कर रहे हैं तो दूसरी तरफ यह अजय, सन्नी, कबीर जैसे लोग सरकार और अधिकारियों की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े कर रहे हैं.
