शांति और सौहार्द के साथ जुलूस निकालने की अपील : मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी
रांची : दारुल कजा एदार-ए-शरिया झारखंड के विधिवत निर्णय एवं घोषणा के बाद राजधानी रांची समेत झारखंड के तमाम जिलों और विभिन्न क्षेत्रों में पैगंबर हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी के पाक अवसर पर 26 अगस्त 2026, बुधवार को अकीदत और एहतेराम के साथ जुलूसे मुहम्मदी निकाला जाएगा। यह जानकारी एदार-ए-शरिया झारखंड के नाजिम-ए-आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने कहा कि जुलूसे मुहम्मदी को पूरी शांति, अनुशासन और भाईचारे के माहौल में निकाला जाएगा। उन्होंने सभी जुलूस कमिटियों से प्रशासन एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों के सहयोग से जुलूस की तैयारियां पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस में होने वाली तकरीर और नारे पूरी संजीदगी के साथ सिर्फ पैगंबर-ए-इस्लाम की आमद, फजीलत, पैगाम और सीरत पर आधारित हों। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी मुस्लिम समाज और जुलूस कमिटियों के लोग 25 अगस्त को जुलूस से एक दिन पहले अपने-अपने क्षेत्र की गलियों, कुचियों, चौराहों, सड़कों और मोहल्लों में विशेष सफाई अभियान चलाएंगे तथा सजावट करेंगे।एदार-ए-शरिया ने जुलूस को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत जुलूस में डीजे, नाच-गाने और बड़ी गाड़ियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूस में नात शरीफ, कुरआन पाक की तिलावत, दरूद शरीफ, सलाम, पैगाम-ए-अमन व मोहब्बत तथा पैगंबर हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की मिलाद और सीरत से संबंधित तकरीरें होंगी।
जुलूस में इस्लामी झंडों के साथ तिरंगा भी हाथों में रखने की बात कही गई है। एदार-ए-शरिया ने स्पष्ट किया कि किसी अन्य देश का सरकारी झंडा लेकर जुलूस में चलने पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में कैमरे की व्यवस्था करने और जुलूस में शामिल सभी लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई है।मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने झारखंड सरकार एवं सभी जिलों के प्रशासन से जुलूस के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने जुलूस के मार्गों पर आवश्यकतानुसार बिजली आपूर्ति को नियंत्रित करने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने की भी अपील की. उन्होंने झारखंड सरकार से ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर इकरा मस्जिद, मेन रोड और मजार शरीफ मैदान में आयोजित होने वाले अकीदतमंदों के जुलूस पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की भी अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौलाना डॉ. ताजुद्दीन रिजवी, अध्यक्ष सुन्नी बरेली सेंट्रल कमेटी, अकीलुर रहमान, महासचिव, मोहम्मद आफताब आलम, उपाध्यक्ष, मोहम्मद इस्लाम, प्रवक्ता, कारी अय्यूब रिजवी, मुफ्ती आकिब जावेद मिस्बाही, मौलाना मसूद फरीदी, शहर काजी, मौलाना आबिद रजा, हाफिज जावेद हुसैन, मौलाना अब्दुल हमीद मिस्बाही, कारी शौकत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
