आज इन नन्हें पौधों को जरूरी सहायता प्रदान की जाए तो ये विशाल छायादार वृक्ष बनकर समाज को छांव देंगे: इबरार अहमद
राँची : मौलाना आजाद ह्यूमेन इनिशिएटिव (माही) द्वारा संचालित अभियान कोल्ड इज बोल्ड, एन इनिशिएटिव बाय माही के तहत राँची के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद और होनहार बच्चों को स्वेटर उपहार स्वरूप वितरित किए गए। इस कार्यक्रम में *सिलादोन के 50 बच्चें, हेसाग मदरसे के 35 बच्चें तथा हटिया मक़तब के 20 बच्चों को स्वेटर भेंट किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माही के संयोजक इबरार अहमद ने कहा कि “ठंड बढ़ गई है और शीतलहर सभी को परेशान कर रही है। इस कड़ाके की सर्दी के बावजूद छोटे-छोटे बच्चों के हौसले बुलंद हैं और ठंड उनके सामने हार मान रही है। ये नन्हे बच्चे स्कूल व मदरसे में किताबें थामे हुए सिर्फ अपना नहीं, बल्कि परिवार, शहर और देश का भविष्य संवार रहे हैं। आगे चलकर यही बच्चे समाज, परिवार और राष्ट्र की दशा-दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि आज इन नन्हें पौधों को जरूरी सहायता प्रदान की जाए तो ये विशाल छायादार वृक्ष बनकर समाज को छांव देंगे।”
इस मौके पर काँके क्षेत्र के जिला परिषद जमील अख्तर ने माही के सामाजिक कार्यों की भरपूर सराहना की और इस अभियान की प्रासंगिकता एवं आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में गरीब और जरूरतमंद बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराना न केवल एक सराहनीय कदम है, बल्कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक समय पर सहायता पहुंचाने का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। ऐसे प्रयास समाज में समानता और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं।
