सेवा का अर्थ केवल सहायता नहीं,बल्कि सम्मान व संवेदना के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुँचना है: वंदना उपाध्याय
रांची: नए वर्ष के अवसर पर मां केयर चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सेवा ही लक्ष्य है के अंतर्गत ट्रस्ट की सभी निःशुल्क शिक्षा पाठशाला के शाखाओं (हथिया गोंदा , होचर,भीठा बस्ती बरियातू अरगोड़ा )में सामाजिक सेवा के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के तहत बच्चों के साथ मस्ती,खेल एवं शिक्षाप्रद गतिविधियाँ कराई गईं,वहीं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया गया। इस अवसर पर सचिव सह समाजसेविका वंदना उपाध्याय ने कहा कि
“सेवा का अर्थ केवल सहायता नहीं, बल्कि सम्मान और संवेदना के साथ समाज के हर वर्ग तक पहुँचना है। बच्चों के साथ हँसी और सीख, तथा जरूरतमंदों को ठंड से राहत देना यहीं हमारे नए साल की सच्ची शुरुआत है। मां केयर का प्रयास है कि हर चेहरा मुस्कुराए और कोई भी खुद को अकेला न महसूस करे।”
वहीं ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक कुमार मिंकू ने कहा कि “मां केयर चेरिटेबल ट्रस्ट सेवा को अभियान नहीं,जीवन का उद्देश्य मानता है। नए साल पर हमने संकल्प लिया है कि शिक्षा,संवेदना और सहयोग के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचा जाए। बच्चों का सर्वांगीण विकास और जरूरतमंदों की सहायता हमारी प्राथमिकता है, और यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।”कार्यक्रमों के दौरान बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला,वहीं कंबल वितरण से जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिली। ट्रस्ट द्वारा विविध सेवा कार्य के तहत निरंतर जाड़े को को देखते हुए कम्बल वितरण किया जा रहा है।ट्रस्ट ने यह संदेश दिया कि सेवा,समर्पण और मानवीयता ही सच्चे नववर्ष का आधार है। इस कार्यक्रम में अभिषेक कुमार मिंकू,सचिव सह समाजसेविका वंदना उपाध्याय,प्रियंका शर्मा,रिमझिम कुमारी,प्रिया मित्रा,पूजा गुप्ता,साधना पाण्डेय,शैलेंद्र सिंह,खूंटी समाजसेवक से सासंद प्रतिनिधि मनोज कुमार,बृजेश सिन्हा, शाहिद एवं अन्य ग्रामीण एवं बच्चे मौजूद रहे।
