राँची। डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल,राँची में आज दिनांक 22 दिसंबर 2025 को महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस का आयोजन विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा में अत्यंत प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा “गणित सभी विषयों की भाषा है” विषय पर आधारित एक प्रभावशाली लघुनाटिका का मंचन किया गया।
लघुनाटिका का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि जागृत करना, तार्किक चिंतन एवं रचनात्मक सोच को विकसित करना था। नाटिका के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गणित केवल विज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक विषय एवं दैनिक जीवन की आधारशिला है। प्रस्तुति ने दर्शकों को गणित की उपयोगिता को सरल, रोचक एवं व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रथम उपविजेता छात्र अबू तल्हा का अबेकस प्रदर्शन रहा, जिन्होंने अपनी तीव्र एवं सटीक गणनात्मक क्षमता से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं गणित शिक्षिका संचिता कर मित्रा ने ‘अनंत (Infinity)’ जैसी जटिल अवधारणा को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाकर विद्यार्थियों में गणित के प्रति उत्साह का संचार किया।
प्राथमिक शाखा प्रभारी अनुपमा रानी ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक सोच, आत्मविश्वास एवं समस्या-समाधान की क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य सह-सहायक क्षेत्रीय अधिकारी बिपिन राय ने अपने संदेश में कहा कि गणित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है और श्रीनिवास रामानुजन जैसे महान व्यक्तित्व सदैव विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक प्रतिक्रिया एवं विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षिका शीला रमेश, उर्वसी बाई, संगीता कश्यप, शुभम कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
