गुमला। झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला के तत्वावधान में शुक्रवार को जिले में जल पखवाड़ा 2026 की औपचारिक शुरुआत सभी विद्यालयों में जल शपथ के साथ की गई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मियों ने जल संरक्षण, जल के समुचित उपयोग और इसके प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना, बच्चों में जिम्मेदारी की भावना का विकास करना एवं विद्यालय तथा समुदाय स्तर पर जल बचत व्यवहार को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और वर्तमान समय में जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने कहा कि बच्चे ही समाज के सशक्त वाहक हैं और उनके माध्यम से जल संरक्षण का यह संदेश घर-घर तक पहुंचेगा। विद्यालयों में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवहारिक रूप से जल बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो ने कहा कि विद्यालय स्तर पर जल पखवाड़ा के माध्यम से बच्चों में जल संरक्षण की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है । जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां ने कहा कि जल संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि यह पखवाड़ा 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत विद्यालय और समुदाय स्तर पर विविध जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावकों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इसे लेकर सभी प्रखंडों के विद्यालयों, शिक्षकों सहित कनीय अभियंता, बीआरपी, सीआरपी, बीपीओ और संबंधित शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर राज्य स्तरीय गतिविधियों के अनुरूप जल पखवाड़ा के प्रभावी आयोजन का निर्देश दिया है।
