दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर गाँव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की रैली के दौरान चोरों ने हाथ साफ कर दिया। दरअसल, शुक्रवार (26 सितंबर) को कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए एक रैली आयोजित की गई थी, लेकिन मौका देखकर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। 12 से ज़्यादा महिलाओं के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य गहने गायब हो गए। इसके बाद रैली में हड़कंप मच गया। रैली खत्म होने पर महिलाओं को पता चला कि उनके गहने चोरी हो गए हैं। इस घटना में लाखों रुपये के गहने चोरी हो गए।
गले से चेन और मंगलसूत्र गायब देखकर कई महिलाएं मौके पर ही रोने लगीं। पीड़ित महिलाओं और उनके परिजनों ने घटना की सूचना दी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। महिलाओं का कहना था कि जब मुख्यमंत्री की सभा में सैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में इतनी बड़ी घटना हो सकती है, तो खुली सड़कों पर लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे?
चोरी की घटना से महिलाएं काफी आक्रोशित थीं, जिसके बाद उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और हंगामा किया। इस दौरान दरभंगा डीएम और एसएसपी की गाड़ी समेत कई गाड़ियां सड़क जाम में फंसी रहीं और अधिकारी इंतजार करते रहे। कार्रवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। पीड़िता गायत्री देवी ने बताया कि उनकी दो लाख रुपये की चेन चोरी हो गई, जबकि पूनम देवी की एक लाख रुपये की चेन चोरी हो गई। वहीं, गौरी देवी ने बताया कि उनकी 40 हजार रुपये की, सुनीता देवी ने 50 हजार रुपये की और राजकुमारी देवी ने भी 50 हजार रुपये की चेन चोरी होने की बात कही। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
