गांधीनगर। गुजरात सरकार ने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपने मंत्रिपरिषद में 19 नए चेहरों को शामिल किया है। नवगठित मंत्रिमंडल में पिछली टीम के छह सदस्यों को बरकरार रखा, जिनमें हर्ष संघवी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया, जबकि क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा जडेजा को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इस फेरबदल के साथ मंत्रिपरिषद में अब मुख्यमंत्री सहित कुल सदस्यों की संख्या 17 से बढ़कर 26 हो गई है। 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में अधिकतम 27 मंत्री (सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत) हो सकते हैं। यह कैबिनेट पुनर्गठन 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से दो साल पहले और स्थानीय निकाय चुनावों से कुछ महीने पहले किया गया है। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सभी नए मंत्रियों और कैबिनेट मंत्री या स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई कैबिनेट में जातीय समीकरण का भी ध्यान रखा गया है। नए मंत्रिमंडल में आठ पिछड़ा वर्ग से तीन अनुसूचित जाति से, चार अनुसूचित जनजाति से संबंध रखने वाले विधायकों को मंत्री बनाया गया है। वहीं सीएम भूपेंद्र पटेल समेत आठ मंत्री पटेल समाज से हैं। पिछली कैबिनेट में गृह राज्य मंत्री रहे हर्ष सांघवी की पदोन्नति हुई है। उन्हें नए मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री बनाकर सरकार में दूसरे नंबर के पायदान पर पहुंचाया गया है। भूपेंद्र पटेल के पिछले चार वर्षों के कार्यकाल में यह पहली बार है कि राज्य में किसी उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति हुई है।
