143 छात्रों ने प्रथम श्रेणी हासिल की, 13 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर बढ़ाया विद्यालय का मान
रांची: राजधानी रांची के पुंदाग स्थित लिटिल एंजल्स हाई स्कूल ने इस वर्ष के मैट्रिक परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान एक बार फिर साबित की है। विद्यालय के कुल 179 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 143 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय की छात्रा रुखसार परवीन ने 96.5% अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा 13 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं के चेहरों पर सफलता की चमक साफ झलक रही थी।
विद्यालय के निदेशक मसूद कच्छी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। साथ ही, जिन छात्रों को अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं मिले, उनका भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनकी खुशी साझा की गई। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए अपनी सफलता का जश्न मनाया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर मार्गदर्शन और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सकें।
इस मौके पर कहकशा मसूद, अरीशा मसूद, राज दिलशाद, आसिफ जिया, तफ़ज़ुल रहमान, आदिल हुसैन, राणा तरन्नुम, मुस्कान परवीन, सुशीला देवी, सोनी कुमारी, नरगिस खातून समेत विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।