नई कमेटी का गठन, निर्मल मुंडा अध्यक्ष और सागर साहु व अरुण महतो कार्यकारी अध्यक्ष चुने गए
रांची: पुंदाग स्थित तेंगरू मैदान में इस वर्ष विजयादशमी के अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तेंगरू मैदान में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित हुई, जिसमें पुंदाग के प्रमुख नागरिकों, विभिन्न समाजों के अभिभावकों एवं प्रबुद्ध प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से रावण दहन समिति का गठन किया गया।
बैठक में झारखंड प्रदेश तेली समाज के रांची जिला अध्यक्ष जेम्स कुमार कश्यप एवं तेंगरू मैदान कोर कमेटी के अध्यक्ष शिव पूजन साहु की गरिमामयी उपस्थिति रही। सर्वसम्मति से निर्मल मुंडा को रावण दहन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं सागर साहु और अरुण महतो को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। समिति ने बताया कि जल्द ही कमेटी का विस्तार करते हुए अन्य पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।
इस अवसर पर जेम्स कुमार कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मल मुंडा तथा कार्यकारी अध्यक्ष सागर साहु और अरुण महतो को शुभकामनाएं दीं। वहीं शिव पूजन साहु ने पुंदाग के सभी ग्रामवासियों का स्वागत करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
समिति के अनुसार 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को विजयादशमी के पावन अवसर पर तेंगरू मैदान में रावण दहन का भव्य आयोजन किया जाएगा। समिति ने क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
