रांची। एमएमके हाई स्कूल, बरियातू, रांची में आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 को विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री शम्भू नाथ चौधरी द्वारा किया गया। वहीं, पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मंत्री सह विधायक श्री रामेश्वर उरांव रहे, जिन्होंने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पसवा अध्यक्ष श्री आलोक दुबे, बरियातू थाना के जयदीप बोस गुलरेज नज़र ख़ान, सरफ़राज़ क़ुरैशी, उस्मान अली, आर. एस. प्रसाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वायु प्रदूषण नियंत्रण, एयरो फार्मिंग, नदी की सफ़ाई, बादल बनने की प्रक्रिया, ट्रैफ़िक सिस्टम, डिजास्टर अलार्म, रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे समसामयिक और उपयोगी विषयों पर आधारित 250 से अधिक मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से छात्रों ने वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
इस सफल आयोजन में विद्यालय की साइंस को-ऑर्डिनेटर श्रीमती नरगिस बानो का विशेष एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कहकशां परवीन ने किया। वहीं, कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक डॉ. तनवीर अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
