ओरमांझी: तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रांची में मंगलवार को “एआई पावर्ड सॉल्यूशंस एक्सपो” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के इंस्टीट्यूट इनोवेशन काउंसिल (IIC) द्वारा किया गया, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने तकनीकी कौशल और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी की सीएसई विभागाध्यक्ष डॉ. चंचला कुमारी रहीं, जिन्होंने इंडस्ट्री 4.0 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में एआई तकनीक विभिन्न क्षेत्रों में बड़े बदलाव लाने वाली है और छात्रों को इसके लिए अभी से तैयार रहने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य एन. हरि बाबू, आईआईसी प्रेसिडेंट डॉ. अरविंद कुमार, इवेंट कोऑर्डिनेटर उत्पल कुमार राय एवं सोनम परवीन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एक्सपो के दौरान छात्रों ने कृषि, बिजली प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े एआई आधारित समाधानों पर पोस्टर प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में तकनीक के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाने, ऊर्जा प्रबंधन को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम ने छात्रों को अपने विचार साझा करने, विशेषज्ञों से सीखने और आधुनिक तकनीकी रुझानों को समझने का एक सशक्त मंच प्रदान किया। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
