रांची । मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में सक्रिय दावतेइस्लामी इंडिया के वेलफेयर विभाग जीएनआरफ (गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन) की ओर से रविवार को कांटाटोली स्थित कनाया बैंक्वेट में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जीएनआरफ एक गैर-सरकारी एवं गैर-राजनीतिक संगठन है, जो देशभर में मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता और आपदा राहत से जुड़े कार्यों को संचालित करता है। रक्तदान शिविर सदर अस्पताल, रांची की देखरेख एवं चिकित्सकीय निगरानी में आयोजित हुआ। इसमें युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। शिविर में कुल 150 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सदर अस्पताल की चिकित्सकीय टीम, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। जीएनआरफ की ओर से बताया गया कि संगठन रक्तदान के साथ आपदा प्रबंधन, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, पौधरोपण, कौशल विकास, कंबल वितरण तथा ‘से नो टू ड्रग्स’ जैसे जनकल्याण एवं जागरूकता अभियान भी चलाता है। संगठन के अनुसार, अब तक देशभर में 22 हजार से अधिक राशन किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई गई हैं।पर्यावरण संरक्षण के तहत करीब तीन लाख पौधे लगाए गए हैं, जबकि 6,600 से अधिक यूनिट रक्तदान कराया जा चुका है।आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम है। जीएनआरफ ने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा की इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।
