मुखिया संघ अध्यक्ष दीपक बढ़ाइक ने केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ को सौंपा ज्ञापन
ओरमांझी:प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार हो रही बिजली कटौती और उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे गलत बिजली बिलों के कारण ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर ओरमांझी पंचायत के मुखिया एवं प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष दीपक बढ़ाइक को बुलाकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
ग्रामीण प्रीति देवी ने बताया कि उनके घर पर 50,000 का गलत बिजली बिल भेजा गया है, जबकि सुनील महतो को 5,000 का बिल थमाया गया है। वहीं सुधीर महतो,सिकंदर महतो सहित कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बिना पूर्व सूचना के काट दी गई है।
मुखिया श्री बढ़ाइक ने तत्काल बिजली विभाग के एसडीओ से टेलीफोन पर संपर्क कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि “जहां-जहां बिजली के पोल जर्जर हैं या तार खराब हैं, विभाग को पहले उनकी मरम्मत करनी चाहिए। इस समय लोगों के घरों में अंधकार पसरा हुआ है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विभाग को स्मार्ट मीटर की त्रुटियों को सुधार कर सही बिल सुनिश्चित करना चाहिए, तभी भुगतान की अपेक्षा की जा सकती है।
मुखिया ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो वे पूरे प्रखंड के मुखियाओं और सैकड़ों ग्रामीणों के साथ बिजली सब स्टेशन का घेराव करेंगे।
इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को मुखिया संघ अध्यक्ष दीपक बढ़ाइक,उप मुखिया संतोष गुप्ता,पूर्व ओरमांझी मुखिया मीणा देवी,पंचायत जनप्रतिनिधि ने देश के रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ को ज्ञापन सौंपा और ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र में हो रही बिजली अनियमितताओं एवं उपभोक्ताओं की परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने मंत्री से इस दिशा में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की।
