हज हाउस, रांची में चुनावी बैठक संपन्न; 21 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन, संगठन को राज्य के सभी 24 जिलों तक सक्रिय करने का संकल्प
रांची : ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल, झारखंड की चुनावी बैठक रविवार को हज हाउस, रांची में आयोजित की गई। संगठन के तीन वर्षीय कार्यकाल की समाप्ति के बाद नई प्रदेश कमेटी के गठन के लिए चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव का संचालन अखिल भारतीय मिल्ली काउंसिल, नई दिल्ली के कार्यवाहक महासचिव एवं चुनाव पर्यवेक्षक शेख निज़ामुद्दीन की निगरानी में किया गया। कार्यक्रम में भारतीय वस्तुनिष्ठ अध्ययन संस्थान, नई दिल्ली के महासचिव मोहम्मद आलम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता डॉ. मजीद आलम ने की। बैठक में ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल, झारखंड के सदस्यों ने सर्वसम्मति से डॉ. मजीद आलम को संगठन का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना। इसके साथ ही 21 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी समिति का भी गठन किया गया. नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मजीद आलम ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन आगामी समय में झारखंड के सभी 24 जिलों में लगातार सक्रिय रूप से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह एक जिले में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर समाज में इत्तेहाद (एकता) और मुत्तहिद l(संगठित रहने) का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की मिल्ली काउंसिल को ऐसा आदर्श संगठन बनाया जाएगा, जो पूरे देश के लिए एक मिसाल बने। चुनाव पर्यवेक्षक शेख निज़ामुद्दीन ने कहा कि संगठन के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मुस्लिम समाज के लिए एकजुट और संगठित होना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज को अपनी कमियों का आत्ममंथन कर उन्हें दूर करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। विशिष्ट अतिथि मोहम्मद आलम ने भी संगठन की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल ने झारखंड के मीडिया प्रभारी अबुज़र गफ्फारी और आसिफ नईम को बनाया गया.बैठक में अधिवक्ता अहमद रिजवी (संयोजक), अफसर कुरैशी, सैयद मोहम्मद इकबाल, कयूम अंसारी, अरशे आज़म, मंजूर अहमद, सैफुल हक, परवेज इब्राहिम, हसीब अख्तर सहित ऑल इंडिया मिल्ली काउंसिल, झारखंड के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
