पूर्वी सिंहभूम। जिले के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को किया।
इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कोषांग, व्यय कोषांग, पोस्टल बैलेट के लिए चिन्हित स्ट्रांग रूम, सामग्री कोषांग, ईवीएम कोषांग और परिवहन कोषांग का निरीक्षण कर कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सभी कोषांग निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने कार्यों को पूर्ण तत्परता से करें। प्रत्येक कोषांग की भूमिका और जिम्मेदारी स्पष्ट है। उन्होने निर्वाचन कोषांग के निरीक्षण में मतदान केंद्रों की तैयारी, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण कार्यक्रम और लॉजिस्टिक को लेकर परस्पर समन्वय पर बल दिया। व्यय कोषांग की ओर से प्रत्याशियों के व्यय लेखा की सतत निगरानी की जा रही है, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पार्टी/ प्रत्याशी और समर्थकों ने निर्वाचन कार्य के निमित्त किए जा रहे व्यय पर निगरानी रखे जाने और किसी भी संदिग्ध लेनदेन पर तत्क्षण रिपोर्ट करने के निर्देश दिया।
पोस्टल बैलेट के लिए स्ट्रांग रूम जिला उद्योग केन्द्र में चिन्हित किया गया है । परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों निर्देश दिया। वहीं सामग्री कोषांग के प्रभारी से चुनाव सामग्रियों का सुरक्षित संधारण और वितरण की तैयारी की जानकारी ली। ताकि मतदान दल को सुगमता से मतदान सामग्री दिया जा सके। ईवीएम कोषांग को मशीनों का रख-रखाव, परिवहन कोषांग को मतदान कर्मियों और सामग्रियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कोषांग समन्वय बनाकर कार्य करें, किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना सभी कोषांगों की सामूहिक जिम्मेदारी है ।
मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान और सभी संबंधित कोषांगों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित थे।
