Ranchi: डी ए वी नंदराज पब्लिक स्कूल बरियातू ने बोनफायर नाईट मनाया। यह अपने तरह का अनूठा कार्यक्रम था; जिसमें ग्यारहवीं के छात्र – छात्राओं ने बारहवीं के छात्र-छात्राओं को हंसते ,गाते – गुनगुनाते हुए शुभकामनाएं दी।
इस सायंकालीन उत्सव को 4.30 बजे वैदिक संस्कृति के आधार स्तम्भ हवन – यज्ञ से शुरू किया गया। बच्चों ने अपने भावी जीवन के लिए परमपिता परमात्मा से अपने शुभ संकल्पों को पूरा करने के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद ग्यारहवीं के बच्चों ने भावभीनी बिदाई के अर्थों को संयोजित करते हुए स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
वाइस कैप्टन ने सभा को संबोधित किया। कुछ छात्र – छात्राओं ने सारगर्भित कविताओं का भी सस्वर वाचन किया।
फन फेस्टा के अंतर्गत बच्चों ने अपने विशेष प्रतिभा का प्रदर्शन किया । बच्चों ने एक सजीव नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया ; जिसमें दर्शकों को बांधकर रखने , संवेदनाओं को दूसरे तक पहुंचाने की पूर्ण क्षमता समाहित थी। नृत्य , क्राउन शिरेमनी भी काफी मजेदार रहा। बोनफायर अपने आप में एक अनोखा अनुभव था जहां बच्चे रात्रि भोजन के साथ- साथ संगीत का आनन्द ले रहे थे ।
इस विशेष अवसर पर प्राचार्य डॉ रविप्रकाश तिवारी जी ने अपने संबोधन में दो स्वरचित कविता का पाठ करते हुए बताया कि जिन संस्कारों को हमने आपको दिया है । आपको हमने कुछ वर्षों तक समझाया है उसकी परीक्षा की घड़ी कल से शुरू हो जाएगी। सही दिशा में किया गया परिश्रम कभी असफल नहीं होता है । जीवन में कभी कभी हम जो चाहते हैं वह न मिल सके यह संभव है परंतु सही दिशा में किया गया कठिन परिश्रम आशा से विपरीत कुछ दूसरा और ज्यादा देकर जाता है । हम सदा साथ हैं कभी भी आप चाहें हमसे बात करें परिवार और देश का नाम रौशन करें,ऐसी हमारी शुभकामनाएं हैं। अंत में छात्र- छात्रा बाहर अलाव के सामने रात्रि भोजन के साथ – साथ मधुर संगीत का आनन्द लेते हुए गिफ्ट के साथ विदा हो गए।
