Ranchi: विद्यालय के सभागार में डी ए वी पब्लिक स्कूल हेहल के द्वारा एक हिन्दी संगोष्ठी का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि व वक्ता डॉ. जंगबहादुर पाण्डेय, सेवानिवृत्त अध्यापक,राँची वि.वि,राँची, डॉ. कमल बोस, सेवानिवृत्त अध्यापक ,संत जेवियर्स कॉलेज, राँची, डॉ.किरण तिवारी,सहायक अध्यापिका, राँची विमेंस कॉलेज, राँची, डॉ रश्मि शर्मा, प्रसिद्ध साहित्यकार एवं अन्य अनेक विद्वतजन उपस्थित थे।
अतिथियों का स्वागत श्री बिपिन राय,विद्यालय के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, डीएवी पब्लिक स्कूल्स ,झारखंड जोन, जी ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर मंगलाचरण द्वारा किया गया।
इस आयोजन का लाभ उठाने हेतु विद्यालय के 11 वीं कक्षा के लगभग 300 विद्यार्थियों एवं हिन्दी विभाग के सभी शिक्षकों के साथ साथ अंग्रेजी के भी इच्छुक अध्यापक गण ने भाग लिया.
सभी विद्यार्थियों की जिज्ञासा को शांत करते हुए हिन्दी के विद्वान वक्ताओं ने कहा कि साहित्य एक ऐसी विधा है जो मानव जीवन को सामाजिक यथार्थों से जोड़ने का कार्य करता है. उन्होंने कहा कि साहित्य सहानुभूति और नैतिकता का निर्माण करता है. कहानी एक ऐसी विधा है कि हमें बेहतर मनुष्य बना सकती है. डॉ. जे.बी पाण्डेय ने नमन और मनन का महत्व बतलाते हुए जीवन में आगे बढ़ने का अनमोल सूत्र दिया। डा.कमल बोस ने हिन्दी की महत्ता और सुगमता पर प्रकाश डाला।
डॉ.किरण तिवारी ने प्रेरित करते हुए अपनी भाषा पर गर्व करने और भाषा को सम्मान देने की बात कही। डॉ.रश्मि शर्मा ने सृजनात्मकता के प्रति बच्चों का मार्गदर्शन किया। अन्य उपस्थित विद्वतजनों ने भी अपने संक्षिप्त उद्बोधन में हिन्दी का महत्व स्थापित करते हुए बच्चों को प्रेरित किया, उत्साहित किया और उनकी जिज्ञासा व समस्या का समाधान किया।
गौरतलब है कि इस अवसर पर डॉ.जे.बी पाण्डेय ने विद्यालय के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी श्री बिपिन रॉय को थावे विद्यापीठ द्वारा दी जाने वाली विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि प्रदान की। इसी अवसर पर इस विद्यालय की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा आराध्या पाण्डेय को भी प्राचार्य एवं समस्त अतिथियों के करकमलों द्वारा सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि आराध्या पाण्डेय को राष्ट्रीय लोक वक्ता के तौर पर ‘विकसित भारत युवा प्रतिनिधि संवाद -2026 में’ चयन किया गया और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के द्वारा दिल्ली में सम्मानित किया गया है।
