राँची: डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल,राँची में आज एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया,जिसमें विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र हर्ष दीप को सम्मानित किया गया। बताते चलें कि हर्ष दीप ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 77वीं रैंक प्राप्त कर उपसमाहर्ता (UNR), झारखंड प्रशासनिक सेवा (JAS) के प्रतिष्ठित पद को प्राप्त किया है। आज विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्राचार्य सह–सहायक क्षेत्रीय अधिकारी (डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड ज़ोन ‘जी’) बिपिन राय ने हर्ष दीप एवं उनकी माता जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
प्राचार्य श्री राय ने अपने संबोधन में कहा— “हर्ष दीप जैसे पूर्व छात्र हमारे विद्यालय की असली पहचान हैं। उनका चयन विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि अनुशासन, परिश्रम और मूल्यपरक शिक्षा मिलकर उत्कृष्ट उपलब्धियाँ रचती हैं।”
सफलता के इस मौके पर हर्ष दीप ने विद्यालय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा- “डीएवी ने ही मेरी नींव मजबूत की।आज जो भी हूँ,उसमें विद्यालय के अनुशासन,शिक्षकों के मार्गदर्शन और को-करिकुलर गतिविधियों की बड़ी भूमिका रही है।स्कूली जीवन की गतिविधियाँ व्यक्तित्व विकास की असली आधारशिला होती हैं।”
इस अवसर पर सुपरवाइजरी हेड बी. कार्तिक,अजंता कुमारी,अनुपमा रानी,शिक्षक- संजय मंडल,एस.एम.अज़ीम,शीला रमेश,एस. डे,राकेश निगम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।सभी ने हर्ष दीप को शुभकामनाएं एवं बधाई दीं और गर्मजोशी से स्वागत किया। यह सम्मान समारोह डीएवी हेहल के लिए गर्व का क्षण रहा, जिसने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शिक्षण परंपरा और विद्यार्थियों की सर्वांगीण उन्नति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से स्थापित किया।
