ओरमांझी:आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ओरमांझी में गुरुवार को पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगारंग माहौल के बीच डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सभी संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
महोत्सव को सफल बनाने में भौतिकी विभाग की सहायक प्राध्यापक किरण कुमारी, विद्युत विभाग की सहायक प्राध्यापक बबिता कुमारी, कंप्यूटर विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक खुशबू सिंह, नीलम कुमारी, बिनिता हिंज, तथा इलेक्ट्रिकल एवं कम्युनिकेशन विभाग की सहायक प्राध्यापक अनामिका कुमारी का विशेष योगदान सराहनीय भूमिका भी उल्लेखनीय रही।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. एन. हरि बाबू ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और सभी को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक उत्सव न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हैं बल्कि विद्यार्थियों में सामूहिकता, उत्साह और सामाजिक जुड़ाव की भावना को भी प्रबल करते हैं।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उमंग के साथ डांडिया महोत्सव का आनंद लिया। विशेष रूप से नए दाखिला लिए हुए बी.टेक और डिप्लोमा के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ गया।
छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल उन्हें सांस्कृतिक रूप से जोड़ते हैं बल्कि पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन और सहभागिता का भी अवसर प्रदान करते हैं। महोत्सव का समापन उत्साह, उल्लास और सामूहिक नृत्य के साथ हुआ।
