रांची: माननीय झारखण्ड उच्च न्यायालय के न्यायामूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा, श्री सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा माननीय सदस्य सचिव, झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं माननीय न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष डालसा, रांची, श्री अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर को होना सुनिश्चित हुआ है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के द्वारा इसकी तैयारी प्रारंभ कर दी गयी है। इसी कड़ी में डालसा सचिव ने पूर्व से की गयी तैयारियों का जायजा लिया एवं विभिन्न बैंको एवं स्माॅल फाईंनांस कंपनीज के पदाधिकारियों तथा प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। डालसा सचिव ने उपस्थित सभी बैंकों व स्माॅल फाईंनांस कंपनियों के पदाधिकारियों तथा प्रतिनिधियों से अपील की है कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम मामलों को चिन्हित कर निस्तारण किया जाना है। इसके लिए समझौता पूर्व बैठक कर तथा पक्षकारों को मोबाईल फोन, ई-मेल व अन्य इलेक्ट्रोनिक माध्यम से जोड़कर वार्ता की जाए, जिससे कि समझौता के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण हो सके।
आगे उन्होंने आग्रह किया कि अपने बैंकों व आसपास जागरूकता से संबंधित बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स एवं होर्डिंंग लगाये, ताकि आम जनमानस जागरूक हो सके और अधिक से अधिक वादों को राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण किया जा सके।
ज्ञात हो कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी आपराधिक सुलहनीय मामले, दीवानी से संबंधित मामले, श्रम से संबंधित वाद, पारिवारिक वाद, उत्पाद से संबंधित मामले, चेक बाउंस के मामले, वन विभाग के मामले, बिजली से संबंधित मामले, ट्रैफिक चालान से संबंधित मामले साथ ही साथ भूमि अधिग्रहण, मोटरयान, माप-तौल से संबंधित वाद एवं वैवाहिक से संबंधित मामलों को चिन्हित करके पक्षकारों को नोटिस पूर्व से ही भेजा जा रहा है। इसके अलावा बैंक ऋण से संबंधित मामले एवं कार्यपालक न्यायालयों के मामले को भी चिन्हित किया जा रहा है, जिसमें पक्षकारों को नोटिस कर अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके
बैठक में डालसा सचिव, राकेश रौशन एवं विभिन्न बैंको व स्माॅल फाईनांस कंपनीज के अधिकारी तथा प्रतिनिधि उपस्थित थे।
