रांची। राज्य में शीतलहर के बसंत पंचमी (23 जनवरी) तक चलने की संभावना है। बसंत पंचमी के बाद शीतलहर में कमी आने और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आनेवाले दिनों में तापमान में उतार-चढाव होने की संभावना है। राज्य के कई जिले अभी भी शीतलहर के चलते कडाके की ठंड की चपेट में हैं। इनमें गुरुवार को खूंटी में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री और डालटेनगंज में 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी, मध्ययवर्ती और दक्षिणी भागों में शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की है। इन जिलों में उत्तर-पश्चिमी भाग गढवा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा और लोहरदगा, मध्यमवर्ती हिस्से रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ, हजारीबाग और बोकारो, जबकि दक्षिणी हिस्से पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 28.8 डिग्री और सबसे कम तापमान गुमला में 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे का कुहासा छाया रहा और कुछ जगहों पर शीतलहर की स्थिति देखी गई। विभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर उत्तर-पश्चिमी से उत्तरी दिशा की ओर से ठंडी हवाएं (पछुआ हवा) चल रही हैं। यही वजह है कि राज्य में ठंंड में कमी नहीं आ रही है और कनकनी बरकरार है। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से शीतलहर के कारण भारी कनकनी महसूस की गई। तेज धूप के बावजूद वातावरण में गर्मी में का एहसास नहीं हुआ। वहीं शाम होते ही लोगों को भारी ठंड महसूस हुई।
